Pangolin Smuggling Busted: पैंगोलिन तस्करी का भंडाफोड़… 14 किलो खाल-शल्क के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

Pangolin Smuggling Busted: पैंगोलिन तस्करी का भंडाफोड़… 14 किलो खाल-शल्क के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 31 अक्टूबर। Pangolin Smuggling Busted: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन की तस्करी का खुलासा किया है। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से करीब 14 किलो पैंगोलिन की खाल और शल्क बरामद किए गए हैं। वन विभाग अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है।

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग पैंगोलिन की खाल और शल्क की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने गीदम थाना क्षेत्र के पास घेराबंदी कर पहले तीन आरोपियों को पकड़ा। इसके बाद पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर जावंगा के पास दबिश देकर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

वाहन की स्टेपनी के पास छिपाकर रखी थी खाल

तलाशी के दौरान आरोपियों के वाहन की स्टेपनी के पास एक बोरी में छिपाकर रखी गई पैंगोलिन की खाल और शल्क बरामद हुए। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद शल्क करीब छह से सात पैंगोलिन के शिकार से जुटाए जाने की आशंका है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मण तेलाम, दीपक, मासा मूर्ति, हेमंत वासम, कुहरम भीमा और मासाराम मंडावी के रूप में हुई है। इनमें पांच आरोपी बीजापुर जिले और एक आरोपी दंतेवाड़ा जिले का निवासी है।

वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई डीएफओ रंगनाथा राधाकृष्णा वाय और एसडीओ शिवेंद्र सिंह के निर्देशन में की गई। अभियान में गीदम रेंजर शिव टंडन, बचेली रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय, डिप्टी रेंजर के. राजू और बीट गार्ड लक्ष्मी प्रसाद चालकी सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।

फिलहाल वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पैंगोलिन का शिकार कहां किया गया था और तस्करी के जरिए खाल व शल्क कहां पहुंचाए जाने थे। अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

क्राइम न्यूज