PM Modi: NEET पेपर लीक पर PM मोदी का बड़ा ऐलान… फास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे

PM Modi: NEET पेपर लीक पर PM मोदी का बड़ा ऐलान… फास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे

नई दिल्ली, 23जुलाई। PM Modi: NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

इधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच बुधवार रात करीब 8:30 बजे झड़प हो गई। पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकी, जिसमें एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब 10 से 15 मिनट तक चले हंगामे के बाद हालात सामान्य हो गए।

सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाठियां भी दिखाई दीं। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों को एहतियातन अस्थायी रूप से बंद किया गया था, जिन्हें बाद में खोल दिया गया। केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल से सीआरपीएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियां दिल्ली बुला ली हैं।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान पर हमले के मामले में FIR दर्ज की है। वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने छात्रों से कथित मारपीट के मामले की सुनवाई के दौरान सरकार को घटनास्थल के सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं

वही मुंबई पुलिस ने 18 से 22 जुलाई के बीच हुए प्रदर्शनों के दौरान गैरकानूनी जमावड़े के आरोप में 13 FIR दर्ज कर करीब 400 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर देशभर में सियासी और सामाजिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है।

National