नई दिल्ली, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले में आयोजित समारोह में कांग्रेस के दो बड़े नेता एक बार फिर नजर नहीं आए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लगातार दूसरे साल समारोह में शामिल नहीं हुए।
जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय की ओर से दोनों नेताओं को समारोह के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा गया था। इसके बावजूद वे कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इससे पहले राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे 2024 के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए थे।
2024 में राहुल गांधी की सीटिंग को लेकर विवाद भी सामने आया था। उन्हें लाल किले पर पांचवीं पंक्ति में बैठाया गया था, जिस पर कांग्रेस ने आपत्ति जताते हुए इसे नेता प्रतिपक्ष के पद का अपमान बताया था। हालांकि, रक्षा मंत्रालय ने सफाई देते हुए कहा था कि ओलंपिक खिलाड़ियों को विशेष सम्मान देने के कारण उस वर्ष सीटिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया था।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह में नेता प्रतिपक्ष की सीट टेबल ऑफ प्रेसिडेंस के नियमों के आधार पर तय की जाती है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत की प्रगति देख नहीं सकते और देश का भला नहीं सोचते।


