Raigarh Murder Case: महिला मित्र से मिलने गया युवक… विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या

Raigarh Murder Case: महिला मित्र से मिलने गया युवक… विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या

रायगढ़, 14 सितम्बर। Raigarh Murder Case: महिला मित्र से मिलने पहुंचे एक युवक की कथित पिटाई के बाद मौत का मामला सामने आया है। घटना सतीगुड़ी चौक इलाके की बताई जा रही है। मामले में जूटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा अपनी महिला मित्र से मिलने गया था। इसी दौरान मोहल्ले में मौजूद राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसका विरोध किया। विवाद बढ़ने पर तीनों पर शिवा के साथ मारपीट करने का आरोप है।

मारपीट के बाद शिवा किसी तरह अपने घर पहुंचा। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से हेमरेजिक शॉक को मौत की वजह बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जूटमिल पुलिस ने 12 सितंबर को हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजू महंत और कृष्णा साव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

वहीं, मामले का तीसरा आरोपी धन्नू निषाद फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

National