रायपुर, 14 सितम्बर। CG News: बारिश के दौरान निर्माणाधीन और खराब सड़कों के कारण लोगों को हो रही परेशानी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। अंबिकापुर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लिया और सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को तत्काल मौके पर जाकर सड़क का निरीक्षण करने और जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खरसिया चौक की सड़क के गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है।
यातायात व्यवस्था पर भी नजर
CM साय ने निर्देश दिए कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जाए। सड़क क्षतिग्रस्त होने, जलभराव या निर्माण कार्य के कारण दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षात्मक इंतजाम करने को कहा गया है।
ऐसे स्थानों पर जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी कलेक्टरों को नियमित निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों व निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी जैसे जरूरी अंतरिम कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।
बारिश के बाद निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
CM साय ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी की सड़क हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ मिलकर समस्या का जल्द समाधान करे।
उन्होंने अधिक यातायात वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर सड़क निर्माण और मरम्मत के काम गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।


