रायपुर, 04 सितम्बर। Raipur Krishna Janmashtami: राजधानी रायपुर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिलेगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है और कहीं महाभिषेक तो कहीं छप्पन भोग की तैयारी की गई है।
जैतूसाव मठ में 11 क्विंटल मालपुए का भोग
जन्माष्टमी के अवसर पर जैतूसाव मठ में भगवान श्रीकृष्ण को 11 क्विंटल मालपुए और 1 क्विंटल पंजीरी का भोग लगाया जाएगा। इसके साथ ही विशेष पूजा-अर्चना और जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित होंगे।
समता कॉलोनी में 101 लीटर दूध से अभिषेक
समता कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भगवान कृष्ण का 101 लीटर दूध से महाभिषेक किया जाएगा। जन्माष्टमी के मौके पर मंदिर में विशेष श्रृंगार और पूजा-अर्चना भी होगी।
कारागार में गूंजेगा ‘नंद के घर आनंद भयो’
रायपुर के कोतवाली स्थित कारागार में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का विशेष आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां भगवान कृष्ण के जन्म की पौराणिक कथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन में उस प्रसंग को दिखाया जाएगा, जब भगवान श्रीकृष्ण ने कारागार में देवकी और वासुदेव के यहां जन्म लिया था।
रात में भगवान कृष्ण के जन्म के निर्धारित समय पर विशेष पूजा, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। इस दौरान ‘नंद के घर आनंद भयो’ जैसे भजनों से माहौल भक्तिमय होगा।
जिस कारागार की पहचान कभी बंदिशों और पहरे से जुड़ी थी, वहीं जन्माष्टमी पर कान्हा के जन्म की खुशियां और जयकारे गूंजेंगे। रायपुर में मंदिरों से लेकर कारागार तक जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।


