Raipur News: राज्यपाल रमेन डेका की छात्राओं को सीख… पढ़ाई के साथ समाज के लिए भी करें योगदान

Raipur News: राज्यपाल रमेन डेका की छात्राओं को सीख… पढ़ाई के साथ समाज के लिए भी करें योगदान

रायपुर, 2 सितम्बर। Raipur News: संत गोबिंदराम शदाणी शासकीय कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय, रायपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया और विद्यार्थियों को शिक्षा, तकनीक और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश छात्राओं के जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जागरूक, सशक्त और संवेदनशील नागरिक बनना भी है। उन्होंने छात्राओं को महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा से सीख लेने और अपने व्यक्तित्व का विकास करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि सफलता के लिए लगातार प्रयास जरूरी है। किसी एक क्षेत्र में सफलता नहीं मिलने पर निराश होने के बजाय नए अवसरों की तलाश करनी चाहिए। वर्तमान पर ध्यान केंद्रित कर मेहनत और सीखने की आदत को जीवन का हिस्सा बनाने से भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है।

इंटरनेट का इस्तेमाल करें, लेकिन विवेक के साथ

राज्यपाल ने तकनीक और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इंटरनेट ज्ञान हासिल करने का बड़ा माध्यम है, लेकिन विद्यार्थियों को तकनीक पर पूरी तरह निर्भर नहीं होना चाहिए। मानव बुद्धि और विवेक का स्थान तकनीक नहीं ले सकती। इसलिए इंटरनेट से मिली जानकारी का विश्लेषण कर उसका सही और जिम्मेदारी से उपयोग करना जरूरी है।

समाज के लिए योगदान देने की सोच रखें

राज्यपाल ने छात्राओं से समाज और देश के लिए योगदान देने की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सिर्फ यह नहीं सोचना चाहिए कि समाज और देश ने उन्हें क्या दिया, बल्कि यह भी विचार करना चाहिए कि वे समाज के लिए क्या कर सकते हैं। छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।

प्रतिभाशाली छात्राओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं को राज्यपाल ने सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को आगे भी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, संत युधिष्ठिर लाल, महाविद्यालय की प्राचार्य उषा किरण अग्रवाल, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

Education