रायपुर, 06 सितम्बर। Raipur News: राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में आयोजित विशाल दही हांडी उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गोविंदाओं की टोलियों का उत्साहवर्धन किया और प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उत्सव में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरा परिसर कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दही हांडी उत्सव भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की यादों को जीवंत करने के साथ एकता, सहयोग और टीम भावना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हांडी तक पहुंचने वाला गोविंदा अकेले ऊंचाई तक नहीं पहुंचता, बल्कि उसके नीचे खड़े साथियों के विश्वास, सहयोग और सामर्थ्य से वह लक्ष्य हासिल करता है। यही सामूहिक प्रयास समाज और प्रदेश के विकास के लिए भी प्रेरणा देता है।
श्रीकृष्ण के जीवन से कर्तव्य और नेतृत्व की सीख
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, मित्रता, नेतृत्व और कर्मयोग की सीख देता है। ग्वालबालों के प्रिय सखा से लेकर द्वारका के नेतृत्वकर्ता और कुरुक्षेत्र में सारथी तक, उन्होंने हर भूमिका पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाई। उनका जीवन परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने कर्तव्य पथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

छत्तीसगढ़ की धार्मिक विरासत का किया उल्लेख
CM साय ने छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश भगवान श्रीराम का ननिहाल और माता कौशल्या की जन्मभूमि है। उन्होंने बताया कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ श्रद्धालुओं को प्रमुख तीर्थ स्थलों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 10 हजार से अधिक श्रद्धालु विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी जिक्र किया। उन्होंने भोरमदेव, राजिम के कुलेश्वर महादेव, जशपुर के मधेश्वर पहाड़ के साथ डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया, दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी और चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी को छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक परंपरा का प्रतीक बताया।
लखबीर सिंह लक्खा और बी प्राक ने बांधा समां
दही हांडी उत्सव में गोविंदाओं की टोलियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और लोकप्रिय गायक बी प्राक ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया। भजनों और गीतों के बीच आयोजन स्थल पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा और ईश्वर साहू समेत कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


