रायपुर, 29 अक्टूबर। Raipur Police: राजधानी रायपुर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने विभिन्न मामलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की।
पुलिसकर्मियों ने हत्या के मामलों का खुलासा करने, अपहृत व्यक्तियों को सकुशल बरामद करने और चोरी की संपत्ति जब्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा साइबर ठगी के पीड़ितों की रकम वापस दिलाने और गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने वाली नॉर्थ जोन और एसीसीयू की टीमों को भी विशेष रूप से सराहा गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि बेहतर विवेचना और त्वरित कार्रवाई से आम जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों के प्रयासों की सराहना की।


