मुंबई, 30 जुलाई। Ramayan Movie Trailer: भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। रणबीर कपूर और यश स्टारर इस मेगा बजट फिल्म का ट्रेलर गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में लॉन्च किया गया। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा शुरू हो गई है और दर्शक कलाकारों के लुक व फिल्म के भव्य विजुअल्स की तारीफ कर रहे हैं।
ट्रेलर में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर का प्रभावशाली अंदाज देखने को मिल रहा है, वहीं रावण के किरदार में यश दमदार नजर आए हैं। माता सीता के रूप में साई पल्लवी और लक्ष्मण की भूमिका में रवि दुबे भी अपनी छाप छोड़ते दिखाई दिए हैं। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि फिल्म के पहले भाग में भगवान राम के वनवास से लेकर रावण के उत्थान तक की कथा को भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि ‘रामायण: पार्ट 1’ का अंत एक रोमांचक क्लिफहैंगर पर होगा, जिससे दर्शकों की उत्सुकता दूसरे भाग के लिए बनी रहेगी। ट्रेलर देखने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने इसे भारतीय सिनेमा का ऐतिहासिक प्रोजेक्ट बताया है। कई लोगों ने रणबीर कपूर की कास्टिंग की सराहना की है, तो कई दर्शकों ने यश के रावण अवतार को फिल्म का शो-स्टॉपर बताया है।
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने ट्रेलर लॉन्च के लिए ब्रह्म मुहूर्त का समय चुना। सनातन परंपरा में इस समय को नए और शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। मेकर्स का यह फैसला फिल्म के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को भी दर्शाता है।
करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल है। वाल्मीकि रामायण पर आधारित इस महागाथा को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), यश (रावण), साई पल्लवी (माता सीता), रवि दुबे (लक्ष्मण) और सनी देओल (भगवान हनुमान) प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, शीबा चड्ढा, रकुल प्रीत सिंह और काजल अग्रवाल भी अहम किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म का पहला भाग ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के बीच आएगा।


