रायपुर, 24 सितम्बर। Seva Samelan: राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ और वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रक्तदान, देहदान और अंगदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदाता द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने के साथ उसके परिवार के लिए नई उम्मीद बन सकता है। उन्होंने रक्तदान, देहदान और अंगदान के लिए आगे आने वाले नागरिकों के सेवा भाव की सराहना की।


1000 से अधिक महिलाओं ने किया रक्तदान
रक्तदान महाकुंभ में महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। आयोजन के लिए 3600 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया था। एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं द्वारा रक्तदान करने की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किया।
आयोजन में करीब 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान का महत्व केवल रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि रक्त की हर यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई आशा है।
31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट दधीचि के तहत 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया। इनमें पद्मश्री एवं धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। अब तक इस प्रोजेक्ट के तहत 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण है, जबकि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में मदद कर सकता है।
आयुर्वेद को बढ़ावा देने पर जोर
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने आयुर्वेद को भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा की अमूल्य विरासत बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। जगदलपुर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का विस्तार हो रहा है। वहीं चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं। रायपुर में एनआईटी के सामने 100 बिस्तरीय नया आयुर्वेदिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है।
जरूरतमंद बच्चों के लिए भी सेवा पहल
सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान और स्वास्थ्य जांच के साथ जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी एकत्र करने की पहल भी की गई। कार्यक्रम स्थल पर इसके लिए अलग-अलग कलेक्शन सेंटर बनाए गए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा का अर्थ समाज में जहां जरूरत हो, वहां संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़कर सहयोग करना है।


