बीजिंग, 09 अगस्त। चीन में टाइफून डॉल्फिन का खतरा बढ़ गया है। तूफान के चलते शंघाई के दो प्रमुख एयरपोर्ट से 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, झेजियांग प्रांत में करीब 3.9 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
तूफान के बाहरी हिस्से शनिवार को उत्तरी ताइवान से टकराए। इसके बाद राजधानी ताइपे समेत कई इलाकों में भारी बारिश हुई। तूफान के असर को देखते हुए ताइवान की कुछ एयरलाइंस ने रविवार को चीन के लिए अपनी उड़ानें भी रद्द कर दीं।
रविवार सुबह तक तूफान की अधिकतम लगातार हवाओं की रफ्तार करीब 162 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चीन के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
400 मिमी तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रभावित इलाकों में 200 से 400 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने राहत और बचाव एजेंसियों को अलर्ट पर रखा है।
शंघाई में 60 फीसदी उड़ानें रद्द
टाइफून के खतरे को देखते हुए शंघाई के होंगकियाओ और पुडोंग एयरपोर्ट पर रविवार की करीब 60 फीसदी निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गईं। दोनों एयरपोर्ट से रद्द उड़ानों की संख्या 1,300 से ज्यादा बताई गई है।
झेजियांग के ताइझोउ शहर में शनिवार शाम करीब 3.9 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं, शंघाई में भी जोखिम वाले इलाकों से 30 हजार से ज्यादा लोगों को हटाया गया है।
समुद्री गतिविधियों पर रोक
प्रशासन ने झेजियांग में फेरी, क्रूज समेत सभी समुद्री गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है।


