TV Show: ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के 18 साल पूरे… मनाया गया जश्न

TV Show: ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के 18 साल पूरे… मनाया गया जश्न

मुंबई, 29 जुलाई। TV Show: टीवी जगत के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ने अपने प्रसारण के 18 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वर्ष 2008 में शुरू हुए इस शो ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है और आज भी यह पूरे परिवार के साथ देखा जाने वाला पसंदीदा कार्यक्रम बना हुआ है। 18 साल पूरे होने के अवसर पर शो के कलाकारों और निर्माताओं ने भव्य जश्न मनाया।

आयोजित समारोह में जेठालाल की भूमिका निभाने वाले दिलीप जोशी, बापूजी का किरदार निभाने वाले अमित भट्ट और पोपटलाल की भूमिका में नजर आने वाले श्याम पाठक एक साथ दिखाई दिए। तीनों कलाकारों ने मीडिया के सामने तस्वीरें भी खिंचवाईं। समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने 18 वर्ष पूरे होने पर दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में लिखा कि जब इस शो की शुरुआत हुई थी, तब उनका सपना हर घर तक मुस्कान पहुंचाने का था। दर्शकों के प्यार, विश्वास और आशीर्वाद ने उस सपने को साकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दर्शकों ने इस कार्यक्रम को केवल देखा ही नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा बना लिया, जो उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने शो के कलाकारों, तकनीकी टीम और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह हंसी और खुशियां बांटते रहने की बात कही। 18 वर्षों का यह सफर भारतीय टेलीविजन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Trending