कबीरधाम, 12 जुलाई। छत्तीसगढ़ के ‘खजुराहो’ के नाम से प्रसिद्ध भोरमदेव अभ्यारण्य में प्रकृति संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 किलोमीटर लंबी भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं वन मंत्री विजय शर्मा ने वन महोत्सव के दौरान जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ ट्रेल का पैदल भ्रमण कर इसकी शुरुआत की।
इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि इको ट्रेल से देश-विदेश के पर्यटक भोरमदेव पहुंचेंगे, जिससे स्थानीय होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और अन्य छोटे व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय आदिवासी युवाओं को नेचर गाइड के रूप में रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से प्रवेश द्वार, जनजातीय संग्रहालय, पार्क, पार्किंग, मेला स्थल और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा।
भोरमदेव इको ट्रेल लगभग 6 किलोमीटर लंबी है, जिसे पूरा करने में 3 से 4 घंटे का समय लगेगा। इसका संचालन प्रत्येक शनिवार और रविवार को करियाआमा ईको कैंप से किया जाएगा। ट्रेल के लिए 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें नेचर गाइड की सुविधा शामिल होगी।
वन महोत्सव के दौरान करियाआमा में 51 काला आम के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही जिले में 50 हजार सीड बॉल अभियान और 1 लाख पौधों के वितरण की शुरुआत की गई। इस अवसर पर बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और सुरक्षा जैकेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।


