दुर्ग, 10 जुलाई| Fraud Case: दुर्ग जिले में एक महिला से पूजा-पाठ के जरिए पारिवारिक समस्याएं दूर करने और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान महिला की मुलाकात आरोपी पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों के बारे में बताया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के माध्यम से समस्याएं दूर करने का दावा किया।
इसके बाद आरोपी ने पूजा-पाठ, निजी जरूरतों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर महिला से अलग-अलग किस्तों में करीब 85 लाख रुपये ले लिए। लंबे समय तक महिला को न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई।
जब महिला ने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी ने पहले नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर रुपये लौटाने से इनकार कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर में दबिश देकर आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से बैंक खाते से जुड़े मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


