मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ एकजुट हो समाज… CM साय

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ एकजुट हो समाज… CM साय

रायपुर, 24 नवम्बर। मुख्यमंत्री साय मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं। इनकी रोकथाम के लिए न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को सभ्य समाज में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इनका उन्मूलन केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर काम करना होगा। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने इन बुराइयों के खिलाफ सामूहिक संकल्प लेकर जनआंदोलन चलाने की जरूरत बताई।

जागरूकता और सतर्कता से रुकेगी मानव तस्करी

मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी, लेकिन सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से इसमें कमी आई है। उन्होंने बताया कि कई बार परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसाते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवार और समाज में जागरूकता जरूरी है।

उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सांसद रहते हुए दिल्ली में उन्होंने मानव तस्करी के कई मामले देखे और कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित

मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं की सहायता के लिए प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहायता सहित कई सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलती हैं।

इसके अलावा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध है। महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है और पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘अभिव्यक्ति ऐप’ महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने की सुविधा देता है।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। वर्तमान में 68 लाख से अधिक महिलाएं योजना का लाभ ले रही हैं। इसके तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता से महिलाएं अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ छोटे व्यवसाय भी शुरू कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों के जरिए महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

कार्यशाला के सुझावों को जमीन पर उतारने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। कार्यशाला की सफलता तभी मानी जाएगी, जब यहां मिले सुझावों को धरातल पर लागू किया जाएगा और महिलाओं तथा बेटियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार होगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी और दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

राज्य खबर