Korba Elephant Attack: कोरबा में हाथी का कहर… ट्रैक्टर को खिलौने की तरह तोड़ा

Korba Elephant Attack: कोरबा में हाथी का कहर… ट्रैक्टर को खिलौने की तरह तोड़ा

कोरबा, 24 नवम्बर। Korba Elephant Attack: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 11 हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों के साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रैक्टर की आवाज सुनकर झाड़ियों से निकले एक हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ा दिया। जान बचाने के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

11 हाथियों का झुंड पहुंचा था जंगल में

मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव का है। सोमवार सुबह धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड यहां के जंगल में पहुंचा था। ग्रामीणों को आशंका थी कि हाथी आबादी वाले इलाके में घुसकर धान की फसल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी डर से कुछ ग्रामीण हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने पहुंच गए।

ट्रैक्टर की आवाज सुनकर हाथी ने किया हमला

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। उनका इरादा ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को आबादी वाले इलाके से दूर भगाने का था। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से एक हाथी बाहर निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा।

हाथी को अपनी तरफ आता देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीण दूसरे ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को गांव लेकर पहुंचे।

वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क

वन विभाग के मुताबिक, जिल्गा के अलावा कुदमुरा क्षेत्र में एक अन्य हाथी और करतला वन परिक्षेत्र में छह हाथियों का झुंड मौजूद है। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर वन विभाग को तत्काल जानकारी देने की अपील की गई है।

राज्य खबर