रायपुर, 14 जुलाई। Chhattisgarh Vidhansabha Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए कहा कि इस पर सदन के अंतिम दिन यानी 17 जुलाई को चर्चा कराई जाएगी।
राज्य गठन के बाद विधानसभा में यह 10वां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले नौ बार सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए गए, लेकिन हर बार संबंधित सरकारें सदन में अपना बहुमत साबित करने में सफल रहीं।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि अविश्वास प्रस्ताव के जरिए वह सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। इनमें नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई, किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कार्यप्रणाली प्रमुख मुद्दे होंगे।
वहीं भाजपा सरकार चर्चा के दौरान अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक उपलब्धियों को सदन के सामने रखेगी। चर्चा के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा। यदि सरकार के पक्ष में बहुमत रहता है तो प्रस्ताव स्वतः निरस्त हो जाएगा।


