टीकमगढ़, 14 जुलाई। MP News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले की शासकीय उचित मूल्य दुकान नन्ही टेकरी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत गेहूं वितरण के दौरान बड़ा मामला सामने आया। सोमवार को वितरण के लिए पहली बोरी खोलते ही उसमें जानवर के सिर की हड्डी जैसी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसे देखकर उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया और लोगों ने राशन लेने से इंकार कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (जेएसओ) सार्थक तिवारी ने अन्य बोरियों की भी जांच कराई। हालांकि बाकी बोरियों में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरी खेप के वितरण पर रोक लगा दी गई और उचित मूल्य दुकान को सील कर दिया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि करीब 163 क्विंटल गेहूं विदिशा जिले के संकल्प वेयरहाउस से भेजा गया था। बोरी पर खरीदी केंद्र के रूप में सेवा सहकारी समिति पठानी का नाम दर्ज मिला है। खाद्य विभाग ने पूरी खेप वापस भेजने का फैसला किया है। इसके स्थान पर नया गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही यह जांच की जा रही है कि बोरी में संदिग्ध हड्डी कैसे पहुंची।
गौरतलब है कि टीकमगढ़ में पीडीएस के गेहूं की गुणवत्ता को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। इससे पहले दमोह से आई 6,265 बोरियों में कीड़े, घुन, मिट्टी और सड़ा-गला गेहूं मिलने पर करीब 3,132 क्विंटल अनाज की खेप वापस लौटाई गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सरकारी खरीद, भंडारण और वितरण व्यवस्था की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


