गांधीनगर, 10 सितम्बर। Gujarat Accident News: गुजरात की राजधानी गांधीनगर के कुडासन इलाके में बुधवार शाम एक निर्माणाधीन इमारत में बड़ा हादसा हो गया। रिलायंस चौकड़ी के पास बन रही बॉस्की द एम्पायर इमारत में अचानक क्रेन और निर्माणाधीन स्लैब का हिस्सा नीचे गिर गया। हादसे के समय वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में फंस गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छत पर काम कर रहे दो दर्जन से अधिक श्रमिक हादसे की चपेट में आए। राहत और बचाव टीमों ने मलबे से करीब 10 मजदूरों को निकालकर गांधीनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया है। कई अन्य श्रमिकों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
हादसे की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर और अन्य मशीनों की मदद ली जा रही है। लोहे के स्ट्रक्चर को काटकर बचाव दल मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
फिलहाल हादसे में किसी मजदूर की मौत की आधिकारिक सूचना नहीं है। प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं।


