Congress’s Foot March: नकटी से राजभवन तक आज कांग्रेस की पदयात्रा… राज्यपाल को सौंपेगी ज्ञापन

Congress’s Foot March: नकटी से राजभवन तक आज कांग्रेस की पदयात्रा… राज्यपाल को सौंपेगी ज्ञापन

रायपुर, 15 जुलाई। Congress’s Foot March: रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस आज यानी 15 जुलाई को राजभवन तक पदयात्रा निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित परिवारों के साथ नकटी गांव से राजभवन तक पैदल मार्च करेंगे। पदयात्रा के बाद राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित पुनर्वास और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।

कांग्रेस ने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा है और इस संबंध में राजभवन को रिमाइंडर पत्र भी भेजा है। पार्टी को आज मुलाकात का समय मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान बुलडोजर चलाकर तोड़े गए हैं, जिसके खिलाफ वह लगातार आंदोलन कर रही है।

इस मुद्दे को कांग्रेस विधानसभा में भी उठाने की तैयारी में है। 29 जून को हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से पार्टी सरकार पर लगातार हमलावर है। अब पदयात्रा के माध्यम से सड़क से लेकर राजभवन तक विरोध दर्ज कराया जाएगा।

ट्रैफिक एडवाइजरी

पदयात्रा को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड बंद रखने की घोषणा की है। महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों से मुख्य मार्ग का उपयोग करने और सर्विस रोड से बचने की अपील की गई है। पुलिस ने लोगों से यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।

पदयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई थी, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और विभिन्न नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

News and Politics