रायपुर, 15 जुलाई। Chhattisgarh Vidhansabha: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भिलाई स्थित शकुंतला विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत विधानसभा का दौरा किया। विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की लाइव कार्यवाही देखी और प्रश्नकाल सहित विभिन्न संसदीय प्रक्रियाओं को करीब से समझा। लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने का यह अनुभव छात्रों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवा ही विकसित भारत और समृद्ध छत्तीसगढ़ के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सदन तक पहुंचाने की सतत प्रक्रिया है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण युवाओं में लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और विधायक रिकेश सेन भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें देश और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।


