CG News: छत्तीसगढ़ में पहली बार एक साथ होंगी तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं

CG News: छत्तीसगढ़ में पहली बार एक साथ होंगी तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं

रायपुर, 31 जुलाई। CG News: छत्तीसगढ़ में इस शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों की कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं पूरे प्रदेश में एक ही तारीख पर आयोजित की जाएंगी। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने परीक्षा की समय-सारणी और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

अब तक जिलों में स्थानीय स्तर पर अलग-अलग तारीखों में परीक्षाएं आयोजित की जाती थीं, लेकिन इस वर्ष से सभी जिलों में एक समान तिथि पर परीक्षा होगी। परीक्षा के संचालन और प्रश्नपत्र तैयार कराने के लिए प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय परीक्षा समिति का गठन किया जाएगा।

लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार, जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में गठित इस समिति में सहायक संचालक (प्रशासन), वरिष्ठ प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक तथा प्रधान पाठक सदस्य होंगे। समिति विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के सहयोग से पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रश्नपत्र तैयार कराएगी और परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले विकासखंड एवं संकुल स्तर पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराएगी।

समिति की जिम्मेदारियों में प्रश्नपत्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराना तथा प्राप्तांकों और परीक्षा संबंधी रिकॉर्ड का सुरक्षित संधारण भी शामिल होगा।

वहीं, इस बार सभी जिलों के प्रश्नपत्रों की छपाई एक ही फर्म को दिए जाने की चर्चा है। इसी वजह से पूरे प्रदेश में एक साथ परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले शिक्षा सत्र में भी इसी फर्म ने पांचवीं और आठवीं की केंद्रीकृत परीक्षा सहित अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र और अंकसूचियों की छपाई का कार्य किया था। उस दौरान कई विद्यार्थियों की अंकसूचियों में गड़बड़ियां सामने आई थीं, जिनमें से कुछ मामलों का अब तक निराकरण नहीं हो सका है।

Education राज्य खबर