गरियाबंद। CG News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 400 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। इसे ट्रक की छत पर काले तिरपाल के नीचे छिपाकर रखा गया था। खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर जांच के दौरान पुलिस को ट्रक में संदिग्ध पैकेट नजर आए। तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ।
पायलटिंग कर रहे दो लोग भी पकड़े गए
पुलिस ने ट्रक में सवार दो आरोपियों के साथ आगे बाइक से पायलटिंग कर रहे दो लोगों को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया। इस तरह मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
वाहन और नकदी भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा करीब 20 लाख रुपये कीमत का आयशर वाहन, एक बाइक, तीन मोबाइल फोन और 6.50 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इस खेप से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।


