HanumanAnsh TaxFree: ‘हनुमान अंश’ फिल्म छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री… सीएम साय ने की घोषणा

HanumanAnsh TaxFree: ‘हनुमान अंश’ फिल्म छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री… सीएम साय ने की घोषणा

रायपुर, 11 सितम्बर। HanumanAnsh TaxFree: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्य और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।

सीएम साय ने कहा कि फिल्म के टैक्स फ्री होने से प्रदेश के अधिक से अधिक दर्शकों, खासकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। उन्होंने नीम करौली बाबा के जीवन को इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उनके अनुसार, बाबा का संदेश मानव सेवा को ईश्वर की सच्ची सेवा के रूप में देखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और प्रेरणा को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है। ऐसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और सेवा-भक्ति के संदेश पर आधारित है।

इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

स्पेशल