रायपुर, 18 नवम्बर। CG Nursing Protest: छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले 10 मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग स्टाफ ने बुधवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के बैनर तले नियमित, संविदा और डेली वेजेस पर काम करने वाले कर्मचारी अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारी रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धरना देंगे।
नर्सिंग कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में साल 2018 में गठित कमेटी की सिफारिशों को लागू करना, संविदा, डेली वेजेस और एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करना तथा नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड-पे का आदेश जारी करना शामिल है।
संघ की ओर से आंदोलन की सूचना स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को पहले ही दी जा चुकी थी। विभाग ने बताया था कि 2018 की कमेटी की अनुशंसाओं पर काम चल रहा है। हालांकि, संघ ने इस जवाब को संतोषजनक नहीं माना और आंदोलन शुरू कर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत का कहना है कि नर्सिंग कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को शासन के सामने रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस आदेश जारी नहीं हुआ है।
2018 की कमेटी ने ग्रेड-पे बढ़ाने की दी थी सिफारिश
नर्सिंग कर्मचारियों की वेतन संबंधी मांग कई साल पुरानी है। साल 2018 में गठित कमेटी ने स्टाफ नर्सों का ग्रेड-पे 2800 रुपए से बढ़ाकर 4400 रुपए करने की सिफारिश की थी। इसके साथ ही 1200 रुपए ड्रेस अलाउंस और 4800 रुपए नर्सिंग अलाउंस देने का सुझाव भी दिया गया था। एसोसिएशन का आरोप है कि इन सिफारिशों पर अब तक अमल नहीं किया गया है।
नियमित भर्ती और भत्ते बढ़ाने की भी मांग
नर्सिंग कर्मचारियों की अन्य मांगों में खाली पदों पर नियमित भर्ती, संविदा और कलेक्टर दर पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित पदों पर प्राथमिकता, समान काम के लिए समान वेतन और पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करना शामिल है।
इसके अलावा नर्सिंग ऑफिसर और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर पदनाम लागू करने, नर्सिंग अलाउंस 7200 रुपए और वॉशिंग अलाउंस 1800 रुपए प्रतिमाह करने की मांग की गई है। वहीं, संविदा कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 40 हजार रुपए और नर्सिंग विद्यार्थियों का स्टाइपेंड 1500 रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने की मांग भी उठाई गई है।
21 नवंबर को मुख्यमंत्री घेराव की तैयारी
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि आंदोलन शुरू होने के 2 से 3 दिनों के भीतर ग्रेड-पे का आदेश जारी नहीं किया गया तो स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में कार्यरत नर्सिंग कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे।
इसके लिए 21 नवंबर को नवा रायपुर के धरना स्थल पर नर्सिंग कर्मचारी जुटेंगे और मुख्यमंत्री के घेराव की तैयारी करेंगे। स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय के नर्सिंग संवर्ग के सदस्यों ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी है।


