मुंबई, 18 नवम्बर। Sonia Gandhi Book: महाराष्ट्र की राजनीति में वीर सावरकर को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट के नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love की प्रतियां फाड़कर विरोध जताया। साथ ही किताब को महाराष्ट्र में प्रतिबंधित करने की मांग की है।
मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय निरुपम, शाइना एनसी और आनंद दुबे समेत कई नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़ीं। शिंदे गुट के नेताओं का आरोप है कि किताब में वीर सावरकर को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। उनका दावा है कि किताब के पेज नंबर 201 पर सावरकर के ब्रिटिश सरकार से माफी मांगने का जिक्र है। वहीं, पेज नंबर 443 पर सावरकर, RSS और BJP को लेकर गलत नैरेटिव पेश किया गया है।
उद्धव ठाकरे पर भी साधा निशाना
इस मुद्दे पर शिंदे गुट ने उद्धव ठाकरे को भी घेरा। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस पर वीर सावरकर का अपमान करने का आरोप लगाया जाता है, तो उद्धव ठाकरे उसके साथ गठबंधन में क्यों हैं? उन्होंने पूछा कि क्या उद्धव ठाकरे सोनिया गांधी से इस मामले में माफी मांगने की मांग करेंगे?
शाइना एनसी ने कांग्रेस को घेरा
शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने कांग्रेस पर महाराष्ट्र के नेताओं और महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने वीर सावरकर और बालासाहेब ठाकरे के अपमान का मुद्दा उठाते हुए उद्धव ठाकरे से सवाल किया कि वे कांग्रेस के साथ गठबंधन में कैसे बने हुए हैं।


