रायपुर, 18 नवम्बर। CG IT Raid: छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है। जानकारी के मुताबिक, विभाग की 16 अलग-अलग टीमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई के दायरे में कई व्यापारिक प्रतिष्ठान और उनसे जुड़े परिसर बताए जा रहे हैं।
पांच जिलों में एक साथ पहुंचीं आयकर विभाग की टीमें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर कारोबारियों के वित्तीय रिकॉर्ड और व्यावसायिक गतिविधियों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारियां खंगाली जा रही हैं।
बर्बरीक कंपनी का नाम भी आया सामने
इस कार्रवाई में बर्बरीक कंपनी का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि रायपुर के रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह इलाके में भी विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। इन क्षेत्रों से जुड़े कारोबारियों के वित्तीय दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।
अघोषित आय को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं
फिलहाल आयकर विभाग की इस कार्रवाई में कितनी अघोषित आय या वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा पांचों जिलों में कुल कितने ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।


