रायपुर, 29 नवम्बर। Samvidhan Gaurav Diwas: राजधानी रायपुर में रविवार 29 नवंबर को भाजपा की ओर से ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। रायपुर शहर जिला भाजपा के बैनर तले यह कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे दुर्गा महाविद्यालय के सभागृह में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, मुख्य वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त न्यायाधीश डॉ. गौतम भादुड़ी और कुसुमताई दाबके विधि महाविद्यालय के प्राचार्य जाकिर अली मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
आयोजन के दौरान भारतीय संविधान के गौरव, उसके मूल्यों और मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही वर्तमान समय में संविधान की प्रासंगिकता और उसकी भूमिका पर भी वक्ता अपने विचार रखेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शहर के प्रबुद्धजनों, अधिवक्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।


