रायपुर, 02 नवम्बर। Air Show 2026: राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर के सेंध तालाब में आज सुबह 11 बजे से भारतीय वायुसेना का हवाई प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। एयर शो में सारंग हेलीकॉप्टर टीम के पायलट समन्वित उड़ान और विभिन्न हवाई संरचनाओं के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में एयर शो देखने जाने से पहले अपने क्षेत्र के अनुसार रास्ते और पार्किंग की जानकारी लेना जरूरी है।
कहां से आएंगे तो किस रास्ते से पहुंचेंगे?
- रायपुर शहर: माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पर दाएं मुड़कर चंदूलाल चंद्राकर चौक और कबीर चौक से आगे बढ़ें। पार्किंग सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन में रहेगी।
- दुर्ग-भिलाई और पचपेड़ी नाका: पचपेड़ी नाका से कमल विहार, सदानी दरबार, माना बस्ती अथवा केंद्रीय मार्ग से ऊपरवारा चौक पहुंचें। इसके बाद दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक होकर जाएं। पार्किंग अविनाश उपवन में रहेगी।
- धमतरी-अभनपुर: सेंट्रल माउंटफोर्ट स्कूल मार्ग से ऊपरवारा चौक, दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक होकर पहुंचें। पार्किंग सेक्टर-4 में होगी।
- बिलासपुर-बलौदाबाजार: मंदिर हसौद-नवागांव स्टेडियम मार्ग का उपयोग करें। स्टेडियम के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करें।
- महासमुंद-आरंग: नवागांव स्टेडियम मार्ग से परसदा पहुंचें। पार्किंग कोसा मैदान, परसदा में निर्धारित की गई है।
- पासधारी वाहन: माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पर बाएं मुड़कर सेक्टर-1 जाएं। रेलवे स्टेशन के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करें।
पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए बस और ई-रिक्शा
दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों से आयोजन स्थल तक पहुंचाने के लिए 20 बसों और 55 ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। वहीं अविनाश उपवन और परसदा के कोसा मैदान में वाहन पार्क करने वाले दर्शकों को आगे का रास्ता पैदल तय करना होगा।
सड़क किनारे पार्किंग से बचने की अपील
पुलिस ने दर्शकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर समय से पहुंचने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।


