बेमेतरा, 14 सितम्बर। Bemetara News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह में शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा को व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया।
मुख्यमंत्री ने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं बोर्ड एवं महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
शिक्षक राष्ट्र निर्माता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें संस्कार और सही दिशा प्रदान करते हैं। एक शिक्षक की दी हुई शिक्षा का प्रभाव विद्यार्थी के साथ उसके परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है। इसलिए शिक्षक को राष्ट्र निर्माता कहा जाता है।
उन्होंने कहा कि बदलते समय और नई तकनीक के दौर में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा देना जरूरी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि गांव हो या शहर, हर बच्चे को अच्छी शिक्षा और अपनी प्रतिभा निखारने के समान अवसर मिलें।


नालंदा परिसर समेत शिक्षा सुविधाओं का विस्तार
CM साय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर लाइब्रेरी, स्टडी मटेरियल और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नई दिल्ली में भी छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी प्रतिभावान विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा न बने, इसके लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है।
बेमेतरा को गौरव पथ और नए विद्युत सब-स्टेशन की सौगात
मुख्यमंत्री ने बेमेतरा जिले के विकास के लिए दो बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। साथ ही ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन बनाने का ऐलान किया।
‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के कार्यों का सम्मान
समारोह में जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधार के लिए ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के तहत किए गए कार्यों को भी सम्मानित किया गया। बेमेतरा जिले को क्रिटिकल जोन से सेमी-क्रिटिकल जोन की दिशा में लाने के प्रयासों के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल की हर बूंद का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन के प्रयासों के साथ जनभागीदारी जुड़ने से बड़े बदलाव संभव हैं।
सुशासन और जनकल्याण पर सरकार का जोर
CM साय ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी पहलों के जरिए शासन को अधिक पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री दयाल दास बघेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। समारोह में ‘शिक्षक स्मृति’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।


