बिलासपुर, 18 अगस्त। Bilaspur News: सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में एक बार फिर गंभीर घटना सामने आई है। रेप के मामले में निरुद्ध 18 वर्षीय शुभम अगरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शुभम को 15 अगस्त को रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र से बिलासपुर लाया गया था। कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत की खबर से बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, शुभम ने सुधार गृह के बाथरूम की चौखट में गमछे के जरिए फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना से पहले शुभम की किसी से बातचीत हुई थी या उसके साथ कोई अन्य परिस्थिति बनी थी।
निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल
घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर ऐसी जगह, जहां निरुद्ध किशोरों और युवाओं की लगातार निगरानी की जाती है, वहां एक बंदी गमछे के साथ बाथरूम तक कैसे पहुंचा और इतनी गंभीर घटना हो गई यह जांच का अहम बिंदु है।
इससे पहले भी बिलासपुर के इसी बाल सुधार गृह में चार बंदियों द्वारा एक कर्मचारी की हत्या कर फरार होने की घटना सामने आ चुकी है। बाद में पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया था। उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे।
अब एक बार फिर सुधार गृह के भीतर युवक की मौत ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या बंदियों की नियमित निगरानी की जा रही थी? क्या संवेदनशील स्थानों की पर्याप्त निगरानी हो रही थी? और घटना के समय तैनात कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे।
फिलहाल सरकंडा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।


