CG Liquor Prices: स्कॉच व्हिस्की होगी सस्ती… 33 प्रीमियम ब्रांडों की नई कीमतें मंजूर

CG Liquor Prices: स्कॉच व्हिस्की होगी सस्ती… 33 प्रीमियम ब्रांडों की नई कीमतें मंजूर

रायपुर, 21 नवम्बर। CG Liquor Prices: छत्तीसगढ़ में स्कॉच व्हिस्की के शौकीनों के लिए राहत भरी खबर है। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के बाद स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटकर 75 प्रतिशत तक आ गया है। इसका असर अब छत्तीसगढ़ के शराब बाजार में भी दिखाई देने लगा है।

छत्तीसगढ़ शासन के आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाले 33 प्रीमियम शराब ब्रांडों की नई दरों को मंजूरी दी है। इनमें जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे मशहूर ब्रांड शामिल हैं।

जॉनी वॉकर के केस पर करीब 5 हजार रुपये की कमी

नई दरों के अनुसार, जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपये की कमी आई है। वहीं जॉनी वॉकर ब्लू लेबल के एक केस की लैंडिंग कीमत 92,939 रुपये तय की गई है।

इसके अलावा रॉयल सैल्यूट 21 ईयर की कीमत 64,079 रुपये निर्धारित की गई है। सिंगलटन 12 ईयर के एक केस की कीमत में भी 2,817 रुपये तक की कमी दर्ज की गई है।

शराब दुकानों पर कितने सस्ते होंगे दाम?

भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता 15 जुलाई से लागू हुआ है। इसके तहत आयात-निर्यात शुल्क में कमी का रास्ता खुला है। इसका फायदा अब प्रीमियम विदेशी शराब के बाजार में भी देखने को मिल रहा है।

हालांकि, नई दरों के बाद सरकारी शराब दुकानों पर ग्राहकों को वास्तविक कीमत में कितनी राहत मिलेगी, यह राज्य सरकार की खुदरा मूल्य निर्धारण नीति पर निर्भर करेगा। यानी आयात लागत में कमी का असर दुकानों पर मिलने वाली अंतिम कीमतों में कितना दिखेगा, यह अभी स्पष्ट होना बाकी है।

राज्य खबर