रायपुर, 13 सितम्बर। CG PM Awas News: छत्तीसगढ़ सरकार ने शहरी गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के तहत निवास की वैधता की कट-ऑफ तिथि 31 अगस्त 2015 से बढ़ाकर 31 अगस्त 2024 कर दी गई है। इससे नगरीय क्षेत्रों में पिछले नौ वर्षों से रह रहे अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सकेगा।
नई कट-ऑफ तिथि के आधार पर नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन, दस्तावेज सत्यापन और आवास आवंटन की प्रक्रिया की जाएगी। विभाग ने निकायों को 15 दिनों के भीतर पात्र और आवास से वंचित परिवारों को AHP (Affordable Housing in Partnership) के तहत उपलब्ध आवासों का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ में PM आवास योजना (शहरी) 1.0 के AHP घटक के तहत अब तक 36,969 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 29,267 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 7,702 आवास निर्माणाधीन हैं। अब तक 30,438 आवासों का आवंटन किया जा चुका है और 21,923 परिवार अपने पक्के मकानों में रहना शुरू कर चुके हैं।
एएचपी योजना के तहत स्लम क्षेत्रों के आवासहीन शहरी गरीब परिवारों के लिए केंद्र सरकार 1.50 लाख रुपये और राज्य सरकार 2.50 लाख रुपये का अनुदान देती है। वहीं, पात्र हितग्राहियों को 75 हजार रुपये का अंशदान आसान किश्तों में जमा करने की सुविधा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कट-ऑफ तिथि बढ़ने से अधिक पात्र परिवार पक्के आवास से जुड़ सकेंगे। सरकार का लक्ष्य हर गरीब परिवार को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी आवास उपलब्ध कराना है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि नए प्रावधान से पात्र परिवारों को आवास मिलने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।


