CG Winter Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड… सरगुजा में कोहरे का अलर्ट

CG Winter Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड… सरगुजा में कोहरे का अलर्ट

रायपुर, 25 नवम्बर। CG Winter Update: छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए नया पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड और बढ़ सकती है। यहां न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

रायपुर में दिन में धूप, रात में बढ़ेगी ठंड

राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहने से दिन में धूप खिली रहेगी, जबकि रात के समय ठंड का अहसास बढ़ सकता है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार 28 नवंबर तक रायपुर का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में सुबह और देर रात बाहर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ सकती है।

सुकमा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो सुकमा प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे साफ है कि प्रदेश में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।

सरगुजा में सुबह कोहरे की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा क्षेत्र में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सुबह सफर करने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा पड़ेगी ठंड

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर अधिक देखने को मिलेगा। यहां रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

फिलहाल बारिश के आसार नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव के संकेत नहीं हैं। ऐसे में नवंबर के आखिरी दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर ज्यादा महसूस हो सकता है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा।

मौसम