Chhattisgarh: बिरला स्कूल हॉस्टल में बड़ा मामला… छात्र ने दूसरी मंजिल से लगाई छलांग

Chhattisgarh: बिरला स्कूल हॉस्टल में बड़ा मामला… छात्र ने दूसरी मंजिल से लगाई छलांग

अंबिकापुर, 25 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में छात्र की रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के सरगवां स्थित स्कूल का है। छात्र के पिता अरुण कुमार गुप्ता ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनका बेटा हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था। 22 नवंबर को वह हॉस्टल से निकलकर अपनी बुआ के घर चला गया था। पिता का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बच्चे को उनके आने तक वापस हॉस्टल नहीं ले जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन उसे वापस ले आया।

कमरे में बंद करने और धमकी देने का आरोप

पिता के मुताबिक, उनके जीजा भी छात्र के साथ हॉस्टल पहुंचे थे और उसे अपने पास रखने की बात कही थी। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उनकी बात नहीं मानी और छात्र को कमरे में बंद कर दिया। इतना ही नहीं, दोबारा हॉस्टल से भागने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 4 लोग गिरफ्तार 

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और HR कुणाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी स्कूल में एक छात्र से 100 बार गाली लिखवाने का मामला सामने आया था। ताजा घटना के बाद स्कूल के हॉस्टल प्रबंधन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

राज्य खबर