Chinese Satellites Surveillance: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत पर थी चीन की नजर?

Chinese Satellites Surveillance: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत पर थी चीन की नजर?

नई दिल्ली, 25 नवम्बर । Chinese Satellites Surveillance: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन के तीन सैटेलाइट भारत की सैन्य गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। दावा है कि इन सैटेलाइट्स ने भारत के पश्चिमी तट पर लगातार चार दिनों तक निगरानी की। इस दौरान सैन्य ठिकानों और महत्वपूर्ण इलाकों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में भारतीय स्पेस सर्विलांस और इंटेलिजेंस कंपनी डिगंतारा के विश्लेषण के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, निगरानी करने वाले सैटेलाइट्स में निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगान-30 शामिल थे। दावा यह भी है कि ऑपरेशन शुरू होने के दौरान इन सैटेलाइट्स की कक्षा में बदलाव किया गया था।

दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 7 मई 2025 को हुई थी। इस दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों की कोशिश की गई, जिसके जवाब में भारत ने पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई की। 10 मई को दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी थी।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान चीन के सैटेलाइट्स की कथित निगरानी ने उसकी भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इन सैटेलाइट्स से जुटाई गई जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा की गई थी या नहीं, इसकी अब तक पुष्टि नहीं हुई है।

National