Chhattisgarh: 50 लाख की चोरी पर व्यापारियों का हंगामा… मंत्री ने थाना प्रभारी को किया फोन

Chhattisgarh: 50 लाख की चोरी पर व्यापारियों का हंगामा… मंत्री ने थाना प्रभारी को किया फोन

अंबिकापुर, 24 नवम्बर। Chhattisgarh: करीब 50 लाख रुपये के सामान की कथित हेराफेरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। FIR दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया और मामले में कार्रवाई की जानकारी मांगी।

अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने की शिकायत

अग्रसेन भवन में हुई मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने मंत्री को बताया कि मामले में FIR दर्ज हुए करीब एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए यह भी दावा किया कि खर्चा-पानी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

मंत्री ने TI को किया फोन, मांगा दो दिन का समय

व्यापारियों की नाराजगी के बीच मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन किया। बातचीत के दौरान मंत्री ने मजाकिया लेकिन सख्त अंदाज में कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बंधक बना लिया है और छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। इस पर टीआई ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा। इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कैसे हुई 50 लाख रुपये के सामान की हेराफेरी?

पूरा मामला खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है। कंपनी के संचालक कान्हा अग्रवाल की शिकायत के मुताबिक, बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव ने कथित तौर पर फर्जी सील और नकदी रसीद तैयार कर करीब चार महीने तक सामान निकाला।

आरोप है कि निकाले गए माल को गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था, जहां से उसे अलग-अलग दुकानों में सप्लाई किया जा रहा था। जांच में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी सामने आने की बात कही गई है।

पुलिस ने इस मामले में अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल व्यापारियों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।

राज्य खबर