Chhattisgarh CM: CM साय ने दिए सख्त निर्देश… हॉस्टल से कोचिंग सेंटर तक होगी जांच

Chhattisgarh CM: CM साय ने दिए सख्त निर्देश… हॉस्टल से कोचिंग सेंटर तक होगी जांच

रायपुर, 10 सितम्बर। Chhattisgarh CM: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों और नागरिकों की सुरक्षा को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि संभावित खतरों की पहले से पहचान कर उन्हें दूर करना भी है।

मुख्यमंत्री साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

हॉस्टल-स्कूलों का होगा सेफ्टी ऑडिट

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में हॉस्टल, पीजी, कोचिंग सेंटर, स्कूल और बड़े शैक्षणिक भवनों का तत्काल निरीक्षण एवं सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जहां भी सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आएं, वहां समय-सीमा तय कर जरूरी सुधार कराया जाए।

उन्होंने कलेक्टरों और एसपी को अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

जर्जर भवनों की होगी पहचान

CM साय ने स्कूलों, पुस्तकालयों, छात्रावासों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद पुराने एवं जर्जर भवनों की स्थिति का आकलन करने के निर्देश भी दिए। जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान कर किसी भी संभावित जनहानि को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों और विद्यार्थियों से जुड़े संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन को दुर्घटना के बाद कार्रवाई के बजाय लगातार निगरानी और समय रहते सुधार की व्यवस्था विकसित करनी होगी।

अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ सख्त अभियान

बैठक में मुख्यमंत्री ने अवैध एवं मिलावटी शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने आबकारी विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने को कहा। संदिग्ध क्षेत्रों में संयुक्त टीमों के जरिए छापेमारी करने और अवैध शराब या मिलावट में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और दूसरे राज्यों से होने वाली अवैध शराब की आवक पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके लिए पुलिस और आबकारी विभाग को सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान कर संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया।

लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय

CM साय ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

उन्होंने सभी कलेक्टरों और एसपी को निर्देश दिए कि बैठक में दिए गए निर्देशों पर तत्काल अमल शुरू करें और जिलों में हुई कार्रवाई की नियमित समीक्षा भी करें।

राज्य खबर