Chhattisgarh News: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पदक विजेताओं को सीएम साय ने किया सम्मानित

Chhattisgarh News: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पदक विजेताओं को सीएम साय ने किया सम्मानित

रायपुर, 29 जुलाई। Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री मंगलवार को राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित प्रथम स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार गंभीरता से काम कर रही है। उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में देशभर से आए खेल प्रशासकों, नीति निर्माताओं, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, खिलाड़ियों और विशेषज्ञों के सुझाव राज्य में खेलों के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों के माध्यम से राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक में लगभग चार लाख तथा सरगुजा ओलंपिक में साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने भागीदारी की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को हाल ही में मंजूरी दी गई है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरियों में लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सरकार सक्रियता से कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर उन्हें तराशने की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों को शामिल कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

19 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिली प्रोत्साहन राशि

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक हासिल किए थे। मुख्यमंत्री ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुरूप पदक विजेता खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

निकिता ने भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीता था। रिषिका कश्यप (भारोत्तोलन), अनुष्का भगत (तैराकी), लक्ष्मण सोढ़ी, अभिषेक, डमरू कुमार, गजेन्द्र ठाकुर और तिलक बारसे (एथलेटिक्स) ने रजत पदक हासिल किए थे। वहीं मनीष कुमार (एथलेटिक्स), निखिल खलको (तैराकी) और लक्की बाबू (भारोत्तोलन) ने कांस्य पदक जीते थे।

मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक विजेताओं को दो-दो लाख रुपए, रजत पदक विजेताओं को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए तथा कांस्य पदक विजेताओं को एक-एक लाख रुपए के चेक प्रदान किए। वहीं टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक विजेता महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपए, रजत पदक विजेता पुरुष फुटबॉल टीम को 16.50 लाख रुपए तथा कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, खेल विशेषज्ञों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, जिला खेल अधिकारियों तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

राज्य खबर स्पोर्ट