chhattisgarh School Education: शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ेंगे 1,200 बच्चे… 90 दिन का ब्रिज कोर्स शुरू

chhattisgarh School Education: शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ेंगे 1,200 बच्चे… 90 दिन का ब्रिज कोर्स शुरू

बीजापुर, 27 जुलाई। chhattisgarh School Education: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के सुदूर इलाकों में शिक्षा की अलख जगाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने विशेष पहल शुरू की है। विभिन्न कारणों से पढ़ाई छोड़ चुके या कभी स्कूल न जाने वाले 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1,200 बच्चों की पहचान कर उन्हें आवासीय पोर्टा केबिनों में प्रवेश दिलाया गया है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके बेहतर भविष्य की नींव रखना है।

बच्चों को सीधे पढ़ाई के दबाव में लाने के बजाय उन्हें पहले स्कूल के अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए खेलकूद, चित्रकला, नृत्य, टीवी और शैक्षणिक भ्रमण जैसी मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से उनमें सीखने की रुचि विकसित की जा रही है।

इसके बाद बच्चों की शैक्षणिक क्षमता को विकसित करने के लिए 90 दिनों का विशेष ‘ब्रिज कोर्स’ संचालित किया जा रहा है। इस दौरान उनकी भाषा और गणित की बुनियादी समझ को मजबूत किया जाएगा, ताकि वे नियमित कक्षाओं में आसानी से पढ़ाई कर सकें।

ब्रिज कोर्स पूरा होने के बाद सभी बच्चों की मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के परिणाम और बच्चों की सीखने की क्षमता के आधार पर उन्हें उनकी आयु और शैक्षणिक स्तर के अनुरूप नियमित कक्षाओं में प्रवेश दिया जाएगा।

इस अभियान की सतत निगरानी के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन और पौष्टिक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।

यह पहल न केवल शिक्षा से दूर हो चुके बच्चों को नया अवसर प्रदान करेगी, बल्कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सामाजिक बदलाव और सशक्त भविष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Education राज्य खबर