रायपुर, 26 नवम्बर। Congress Samvidhan Raksha March: राजधानी रायपुर में कांग्रेस आज ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इस मार्च में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। मार्च दोपहर करीब 12 बजे गांधी मैदान से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक पहुंचेगा।
गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकलेगा मार्च
कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे गांधी मैदान में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी पैदल मार्च करते हुए अंबेडकर चौक पहुंचेंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को भी न्योता
संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी राजनीतिक दलों को भी आमंत्रित किया है। इसके अलावा सामाजिक संगठनों, गैर सरकारी संगठनों और आम नागरिकों से भी इस आयोजन में शामिल होने की अपील की गई है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की अपील
कांग्रेस ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से बड़ी संख्या में गांधी मैदान पहुंचने का आग्रह किया है। पार्टी का कहना है कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस मार्च में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी होनी चाहिए। इस आयोजन के जरिए कांग्रेस संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करेगी।


