रायपुर, 28 जुलाई। CWG 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी यादव की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा के साथ समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम हो तो वैश्विक मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करती रहेंगी।
वही राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने तथा खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां छत्तीसगढ़ के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश को गौरवान्वित करें।


