Deepak Tandon Case: दीपक टंडन केस में तीसरी गिरफ्तारी… कोमल चौबे पुलिस की गिरफ्त में

Deepak Tandon Case: दीपक टंडन केस में तीसरी गिरफ्तारी… कोमल चौबे पुलिस की गिरफ्त में

रायपुर, 29 नवम्बर। Deepak Tandon Case: छत्तीसगढ़ के चर्चित दीपक टंडन प्रकरण में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के बाद अब फरार चल रहे कोमल प्रसाद चौबे को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे रायपुर के सोनडोंगरी इलाके से पकड़ा। कोमल चौबे ‘द हनी बैजर’ न्यूज पोर्टल से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

इस मामले में पुलिस को सात डायरियां और तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं। अब इन दस्तावेजों और मोबाइल की जांच के जरिए कथित ब्लैकमेलिंग, ठगी और वित्तीय लेन-देन से जुड़े नए खुलासे होने की संभावना है।

AI से तस्वीरें एडिट कर खबर चलाने का आरोप

मामले की शुरुआत बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में दर्ज शिकायत से हुई थी। ‘राष्ट्रीय जगत विजन’ ग्रुप के प्रबंध संपादक मनीशंकर पांडे ने 29 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी तस्वीरों को AI तकनीक से एडिट कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें ‘द हनी बैजर’ न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रसारित की गईं।

आरोप है कि इन खबरों के जरिए उनकी छवि खराब करने और दबाव बनाकर अवैध वसूली की कोशिश की गई। इसके बाद पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक अपार्टमेंट से पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। वहीं, उसका साला कोमल चौबे फरार था, जिसे अब पुलिस ने पकड़ लिया है।

7 डायरियां और 3 मोबाइल फोन से होगी जांच

पुलिस ने रायपुर के VIP रोड स्थित होटल ‘वेलकम श्री’ और दीपक टंडन के आवास से कई दस्तावेज, सात डायरियां और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इन डायरियों को लेकर कथित ‘लाल डायरी’ की चर्चा भी सामने आई है।

पुलिस अब मोबाइल फोन में मौजूद चैट, संपर्कों, डिजिटल गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित ब्लैकमेलिंग और वसूली के मामले में कौन-कौन लोग शामिल थे और पैसों का लेन-देन किन लोगों के बीच हुआ।

नेताओं और अधिकारियों से संपर्क के दावों की भी चर्चा

दीपक टंडन प्रकरण में बड़े नेताओं, मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क होने के दावे भी सामने आए हैं। आरोप है कि वह नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर अपना रसूख दिखाता था। इसके अलावा कुछ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को मनचाही पोस्टिंग और ट्रांसफर दिलाने के नाम पर पैसे देने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी की संलिप्तता प्रमाणित नहीं हुई है।

कई जिलों में धोखाधड़ी की शिकायतें

दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और सक्ती समेत कई जिलों में धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं। इनमें सरकारी नौकरी, कोयला ट्रांसपोर्टिंग और सरकारी ठेके दिलाने के नाम पर रकम लेने के आरोप शामिल हैं।

इसके अलावा जमीन, रेस्टोरेंट और लग्जरी वाहनों के सौदों में धोखाधड़ी के आरोप भी लगाए गए हैं। रायपुर के VIP रोड स्थित होटल को लेकर लीज और नगर निगम की सील से जुड़ा विवाद भी सामने आया था।

डिजिटल जांच से खुल सकते हैं नए राज

दीपक टंडन, बरखा टंडन और कोमल चौबे की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जब्त मोबाइल फोन, डायरियों और दस्तावेजों की जांच के बाद कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस की जांच डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन पर केंद्रित है।

राज्य खबर