Delhi Police: जंतर-मंतर हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट… प्रदर्शन से पहले जुटाई जाएंगी अहम जानकारियां

Delhi Police: जंतर-मंतर हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट… प्रदर्शन से पहले जुटाई जाएंगी अहम जानकारियां

नई दिल्ली, 25 अगस्त। Delhi Police: जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने अपनी इंटेलिजेंस व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला किया है। अब किसी भी बड़े या प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस की स्पेशल ब्रांच को कम से कम 10 अहम जानकारियां जुटाकर उनका विस्तृत विश्लेषण करना होगा।

प्रदर्शनकारियों की संख्या और प्रोफाइल पर रहेगी नजर

नई व्यवस्था के तहत पुलिस सिर्फ प्रदर्शन की जगह और संभावित भीड़ की जानकारी तक सीमित नहीं रहेगी। प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों की संख्या, प्रोफाइल, उनके आने वाले राज्यों, आयोजकों और प्रमुख नेताओं की भूमिका की जानकारी जुटाई जाएगी।

इसके अलावा प्रदर्शन का एजेंडा और मुख्य मांगों को भी पहले से समझने की कोशिश की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था को लेकर बेहतर तैयारी की जा सके।

20 जुलाई को बिगड़े थे हालात

20 जुलाई को जंतर-मंतर और आसपास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंच गए थे। पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर करीब 30 हजार युवाओं ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे थे।

ठहरने और फंडिंग की भी होगी जानकारी

नई रणनीति के तहत पुलिस यह भी पता लगाएगी कि प्रदर्शनकारी दिल्ली में कहां ठहर रहे हैं, किन इलाकों में उनकी आवाजाही है और उनके स्थानीय संपर्क कौन हैं। अलग-अलग संगठनों के बीच संबंधों की भी जानकारी जुटाई जाएगी।

प्रदर्शन के लिए फंडिंग के संभावित स्रोत और भीड़ जुटाने के लिए की गई लॉजिस्टिक व्यवस्था का भी आकलन किया जाएगा। पुलिस यह समझने की कोशिश करेगी कि प्रदर्शन की तैयारी कैसे हुई और इसमें किन लोगों या संगठनों की भूमिका रही।

वायरलेस सिस्टम भी होगा मजबूत

पुलिस कमिश्नर ने प्रदर्शनों के दौरान संचार व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। ग्राउंड पर तैनात पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के लिए वायरलेस नेटवर्क की जांच की जाएगी। जहां कमियां मिलेंगी, उन्हें दूर किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरी कवायद का उद्देश्य प्रदर्शनों को रोकना नहीं, बल्कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था का पहले से बेहतर आकलन करना है। खासतौर पर उन प्रदर्शनों पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा, जिनमें दिल्ली के बाहर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं या कई संगठन एक साथ शामिल होते हैं।

National