Janjgir Champa: हसदेव नदी हादसा… लापता तीनों युवकों के शव बरामद

Janjgir Champa: हसदेव नदी हादसा… लापता तीनों युवकों के शव बरामद

जांजगीर, 13 सितम्बर। Janjgir Champa: जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित हसदेव नदी में हुए दर्दनाक हादसे में लापता तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शुक्रवार को नदी के तेज बहाव में तीन युवक बह गए थे, जिसके बाद एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही थी।

रविवार सुबह करीब 6:15 बजे 23 वर्षीय सचिन सिंह, निवासी सूरजपुर का शव बरामद किया गया। इसके बाद सुबह 7 बजे 22 वर्षीय मुरारी साहू, निवासी कवर्धा का शव भी मिल गया। इससे पहले पवन पाल, निवासी चिरमिरी का शव बरामद किया जा चुका था। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे फार्मेसी कॉलेज के 4 छात्र और 4 छात्राएं, कुल 8 लोग देवरी पिकनिक स्पॉट घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक नदी में हाथ धोने के लिए उतरा और तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य युवक भी नदी में चले गए और तीनों पानी की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद प्रशासन ने घटनास्थल से कुदरी बैराज तक ड्रोन के जरिए भी सर्च ऑपरेशन चलाया। मौके पर परिजन, प्रशासनिक अधिकारी और एसडीएम मौजूद रहे। वहीं, इस हादसे के बाद जिला प्रशासन देवरी पिकनिक स्पॉट को डेंजर जोन घोषित कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है। ग्रामीणों ने भी यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पर्यटकों के प्रवेश पर नियंत्रण की मांग की है।

Breaking News