Korba News: उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन की पहल… कोरबा की सड़कों के लिए साढ़े 17 करोड़ मंजूर

Korba News: उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन की पहल… कोरबा की सड़कों के लिए साढ़े 17 करोड़ मंजूर

कोरबा, 26 अगस्त। Korba News: शहर की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री और कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन की पहल पर DMF मद से 13 प्रमुख सड़कों के डामरीकरण के लिए 17.50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई है। जिला प्रशासन ने इन कार्यों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति भी जारी कर दी है।

इन प्रमुख सड़कों पर होगा काम

स्वीकृत कार्यों में सोनालिया ब्रिज से तुलसी नगर बायपास, रिश्दा चौक से गायत्री मंदिर मुख्य मार्ग, इमली डुग्गू बस्ती से खदान रोड, पोड़ीबहार चर्च से लकी बिग बास्केट मोड़ और डीडीएम रोड से लालूराम कॉलोनी होते हुए बस स्टैंड तक की सड़कें शामिल हैं।

इसके अलावा सरदार पटेल नगर के आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र, प्रेम नगर मुख्य मार्ग से कपटमुड़ा डीपरा बस्ती, लालघाट बालको चेक पोस्ट से रिश्दा चौक, सुभाष चौक से सब-स्टेशन और सोनालिया ब्रिज नहर से सीतामणि मुख्य मार्ग तक भी सड़क निर्माण एवं डामरीकरण के काम किए जाएंगे।

नेहरू नगर वार्ड-24 और शारदा विहार से टीपी नगर फाटक तक सड़क डामरीकरण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है।

6 अन्य सड़कों के काम भी मंजूर

शहर की 6 अन्य प्रमुख सड़कों के लिए पहले ही 7.12 करोड़ रुपये मंजूर किए जा चुके हैं। इन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। इनमें जैन चौक से घंटाघर चौक, घंटाघर चौक से कोसाबाड़ी चौक, सुनालिया ब्रिज से पावर हाउस रोड और पुराने बस स्टैंड अंडरब्रिज रोड जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

मानसून के बाद शुरू होगा डामरीकरण

मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि मानसून समाप्त होने के बाद स्वीकृत सड़कों पर डामरीकरण का काम शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के उपनगरीय क्षेत्रों और वार्डों की आंतरिक सड़कों को बेहतर बनाने के लिए भी DMF मद से राशि स्वीकृत की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में प्रमुख मार्गों और नागरिकों के दैनिक आवागमन को प्राथमिकता दी जा रही है। नई सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से शहर की सड़क व्यवस्था बेहतर होने के साथ लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

राज्य खबर