लखनऊ, 2 सितम्बर। Lucknow Road Collapse: राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के बाद सड़क धंसने का बड़ा मामला सामने आया है। लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे करीब 10 से 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया। हादसे के दौरान एक युवक गड्ढे में गिर गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, एक मोटरसाइकिल भी गड्ढे में समा गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से मोटरसाइकिल को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा कमजोर होकर धंस गया। गड्ढे के आसपास बारिश का पानी जमा होने से खतरा और बढ़ गया था। एहतियात के तौर पर सड़क को बंद कर दिया गया है।
नगर निगम की टीम अब गड्ढे को भरने और सड़क को सुरक्षित करने के काम में जुटी है। अचानक सड़क धंसने की घटना ने सड़क निर्माण और रखरखाव की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क की सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई थी।


