Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम… बलरामपुर में स्कूल बंद

Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम… बलरामपुर में स्कूल बंद

रायपुर,2 सितम्बर। Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश को देखते हुए बलरामपुर जिले में आज सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं राजपुर तहसील कार्यालय में भी बारिश का पानी भर गया है।

अंबिकापुर में जलभराव से बढ़ी परेशानी

अंबिकापुर की कुंडला वसुंधरा कॉलोनी में लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा

प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 2 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

सामान्य से 2 फीसदी कम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अब तक बारिश सामान्य के करीब रही है। प्रदेश में सामान्य से करीब 2 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। अगले दो दिनों में भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

मौसम