भोपाल, 13 सितम्बर। MadhyaPradesh: राजधानी भोपाल और इंदौर में मास्टर प्लान को लेकर सामने आ रही परेशानियों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन अकादमी में आयोजित मानव अधिकार आयोग के 32वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल सहित जिन शहरों में अभी तक मास्टर प्लान लागू नहीं हुआ है, वहां विभागीय स्तर पर संज्ञान लेकर जरूरी कार्रवाई की जाए।
व्यापारियों की परेशानी पर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों को हो रही परेशानी का मामला सरकार के संज्ञान में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस मामले को सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान में भी लाया जाए और आगे की कार्रवाई की जाए।
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी सरकार थी, लेकिन उस समय इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब कार्रवाई शुरू होने पर कांग्रेस द्वारा इसका श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता पूरे मामले को समझती है।
महिलाओं के अधिकार और सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की बराबरी के लिए लगातार काम कर रही है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों की मूल भावना सभी लोगों को समान अधिकार और सम्मान देना है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में कई तरह की चुनौतियां हैं और ऐसे मामलों में मानव अधिकारों के दृष्टिकोण से संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई जरूरी है।
कानून व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मानव अधिकार आयोग से भी संवैधानिक दायित्वों का बिना किसी पक्षपात के पालन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोग को संवेदना और गरिमा बनाए रखते हुए सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने की दिशा में काम करना चाहिए।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, विधायक भगवान दास सबनानी समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


